दुर्ग

सूदखोरी पर बड़ी कार्रवाई, 22 लाख की अवैध मांग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में सूदखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पदमनाभपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूदखोरी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिलेभर में सूदखोरी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 27 जनवरी को थाना पदमनाभपुर में पीड़ित द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, शिकायत के अनुसार स्वास्थ्य खराब होने के कारण पीड़ित ने आरोपी हरीश पारख से 1 लाख 60 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोपी द्वारा इस रकम पर 10 प्रतिशत ब्याज वसूला जा रहा था और भुगतान न करने पर रकम दोगुनी करने की धमकी दी जाती थी।

Advertisement

पीड़ित द्वारा 3 लाख 20 हजार रुपये मूलधन और ब्याज के रूप में चुका दिए जाने के बावजूद आरोपी ने अवैध तरीके से बैंक के 11 खाली चेकों पर हस्ताक्षर करवा लिए और 22 लाख रुपये की मांग करने लगा, पीड़ित की शिकायत पर थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 89/2026 धारा 296, 351(2), 308(2) बीएनएस एवं कर्जा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

Advertisement

जांच के दौरान आरोपी हरीश पारख को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद 29 जनवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 चेकबुक, इकरारनामा और साहूकारी लाइसेंस जप्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सूदखोरी जैसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

 

Related Articles

Back to top button