अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग का खुलासा, पुलिस ने 9 भारी वाहन को किया जब्त

रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोहनपुर में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली इस गतिविधि पर सख्ती दिखाते हुए लैलूंगा पुलिस ने फ्लाई ऐश से लदे 9 भारी वाहन जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि प्लांट से निकली फ्लाई ऐश को बिना किसी वैधानिक अनुमति के ट्रेलर और हाइवा वाहनों के जरिए ग्राम सोहनपुर क्षेत्र में खुलेआम डंप किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी, जहां 7 हाइवा और 2 ट्रेलर वाहन फ्लाई ऐश अनलोड करते पाए गए। पूछताछ के दौरान वाहन चालक फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत मौके पर ही कार्रवाई करते हुए सभी 9 वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए वाहनों और फ्लाई ऐश की अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने प्रकरण की विस्तृत जानकारी आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पर्यावरण विभाग को प्रेषित कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।




