मेडिकल कॉलेज के पीछे बाइक स्टंटबाजों पर पुलिस का शिकंजा, 5 युवकों पर चालानी कार्रवाई

रायगढ़ में मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर बाइक स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्टंट वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस के मुताबिक पाइपलाइन कार्य के लिए समतल की गई सड़कनुमा भूमि पर कुछ युवक तेज रफ्तार में खतरनाक बाइक स्टंट कर वीडियो बना रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर युवाओं की भीड़ जुटने लगी, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई थी। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई और अवरोधक लगाए।
कार्रवाई के दौरान दोबारा स्टंट करने पहुंचे पांच युवकों को पुलिस ने पकड़कर एसएसपी के समक्ष पेश किया। युवकों को समझाइश देने के साथ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। एसएसपी ने युवाओं से सोशल मीडिया के व्यूज़ के लिए जान जोखिम में न डालने की अपील की है, वहीं भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए मार्ग पर कंसर्टिना कॉयल लगाने की तैयारी भी की जा रही है।




