भीषण सड़क हादसा: दो वाहनों की टक्कर के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला

रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। झींगाबहाल क्षेत्र में दो तेज रफ्तार वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में एक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को झींगाबहाल इलाके में दो वाहनों की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।आग की चपेट में आने से एक वाहन चालक बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। वहीं दूसरे वाहन के चालक को स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिन्दल उद्योग की फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटे रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृत चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस भीषण सड़क दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




