मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारी तेज, जिला अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर-एसएसपी ने लिया जायजा

(जयेंद्र गोले) : बिलासपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संभावित बिलासपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल परिसर, विभिन्न वार्डों तथा प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिला अस्पताल में नवस्थापित सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का भी शुभारंभ किए जाने की संभावना है।
कलेक्टर और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा तथा कार्यक्रम संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।




