जांजगीर-चाम्पा

हनी ट्रैप का खुलासा : 17 लाख फिरौती मांगने वाले महिला-पुरुष गिरफ्तार….

 

Advertisement

जांजगीर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से एक हाई-प्रोफाइल हनी ट्रैप और अपहरण के मामले का महज 6 घंटे में खुलासा करते हुए एक युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों द्वारा पीड़ित युवक को फंसा कर उसके पिता से 17 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी।

Advertisement

घटना दिनांक 12 जून की है, जब ग्राम बसंतपुर निवासी बुधराम साहू का बेटा किशन कुमार साहू शाम को टहलने निकला था। रात करीब 8 बजे प्रार्थी को अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें बताया गया कि किशन एक लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है, उसका वीडियो बना लिया गया है, और यदि उसे छुड़ाना है तो 17 लाख रुपये लेकर कोरबा रोड, पहरिया के आगे पहुंचना होगा। साथ ही बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी और साइबर सेल की तत्परता से टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।

टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मोकाय स्थल की घेराबंदी कर पहरिया के खेतों के बीच एक मकान से युवक को सकुशल मुक्त कराया। मौके से आरोपी अभय कुमार सूर्यवंशी (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में बताया कि उसने अपनी महिला साथी आयशा बेगम उर्फ अन्नू उर्फ अस्मिता साहू (26 वर्ष) के साथ मिलकर किशन को पहले वाट्सऐप चैट के जरिए फंसाया और फिरौती मांगने की योजना बनाई।

घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी भी पुलिस ने बरामद की है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध धारा 140(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

प्रार्थी अपने पुत्र को सकुशल पाकर भावुक हो उठा और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
इस पूरी कार्रवाई में सायबर प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, सउनि विवेक सिंह, प्र.आर. मनोज तिग्गा, आर. प्रदीप दुबे और शहबाज अहमद की भूमिका सराहनीय रही।

 

Related Articles

Back to top button