देश

राजस्थान की गहलोत सरकार ने दिये महंगे आईफोन…अब वापस लौटायेगे सभी भाजपा विधायक..!

(शशि कोन्हेर) : जयपुर। राजस्थान का बजट पेश होने के बाद अशोक गहलोत सरकार की ओर से सभी 200 विधायकों को महंगे आईफोन दिए गए थे। आईफोन-13 की कीमत करीब एक लाख रुपये की बताई जाती है। ऐसे में भाजपा के 71 विधायकों ने बृहस्पतिवार को तय किया कि वह आईफोन सरकार को वापस लौटाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने ट्वीट कर कहा कि राज्य सरकार पर पड़ने वाले वित्तीय भार को दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस सरकार द्वारा दिए गए आईफोन वापस करेंगे। उधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि आईफोन आज के समय की जरूरत है, इसलिए विधायकों को दिए गए थे।

कांग्रेस ने किया पलटवार

विधानसभा में सरकारी उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी ने भाजपा विधायकों के निर्णय पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर ऐसा है, तो फिर भाजपा विधायकों को इससे पहले के बजट में लिए गए लैपटाप और आईपैड भी लौटा देने चाहिए। इस बार भी भाजपा विधायकों ने आईफोन ले लिए हैं। अगर लेने की उनकी इच्छा नहीं थी, तो लेकर ही क्यों गए, तभी मना कर देते।अगर जनता की इतनी ही चिंता थी तो भाजपा विधायकों ने उनके कोष का पैसा क्यों बढ़वाया। भाजपा विधायकों को दिल्ली से इशारा है। उल्लेखनीय है कि बुधवार को सीएम ने बजट पेश किया था। बजट पेश होने के बाद अन्य सालों की तरह इस बार भी विधायकों को अटैची दी गई थी। अटैची में सभी विधायकों को आईफोन-13 का सबसे लेटेस्ट वर्जन दिए हैं। इनकी कीमत करीब 86 हजार रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। करीब पांच हजार की कीमत का अन्य सामान भी दिया गया था। भाजपा के 71 विधायक हैं।राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान देश में ऐसा पहला राज्य है, जिसने पुरानी पेंशन योजना फिर से लागू की है। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों के लिए ऐसा कर सकती है, इसके लिए केंद्र सरकार की अनुमति जरूरी नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button