बिलासपुर

जंगल में आग लगने से मचा हड़कंप, वन्य जीवों पर संकट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सीपत क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां नीरतू गांव के सागौन जंगल में लगी भीषण आग ने वन संपदा को खतरे में डाल दिया है। आग लगातार फैल रही है, लेकिन फॉरेस्ट विभाग की लापरवाही के आरोपों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

Advertisement

सीपत क्षेत्र के नीरतू गांव के सागौन जंगल में आग ने विकराल रूप ले लिया है। बहुमूल्य सागौन के पेड़ धू-धू कर जल रहे हैं और जंगल में रहने वाले वन्य जीवों का अस्तित्व भी संकट में है। आग कई हिस्सों में फैल चुकी है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि आग लगने की सूचना समय रहते फॉरेस्ट विभाग को दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचने के बजाय एसी कमरों में बैठकर सिर्फ फोन से निर्देश देते रहे। हालात ये हैं कि ग्रामीणों और वन विभाग के कुछ कर्मचारियों को ही सीमित संसाधनों के साथ आग बुझाने की कोशिश करनी पड़ रही है। बिना पर्याप्त उपकरण और सुरक्षा के वे घंटों से आग से जूझ रहे हैं, लेकिन तेज हवाएं बार-बार आग को भड़का रही हैं।

Advertisement

इस घटना ने फॉरेस्ट विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे इसे विभाग की घोर लापरवाही बता रहे हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो आग को शुरुआती स्तर पर ही काबू किया जा सकता था।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल उच्च स्तरीय टीम भेजकर आग पर काबू पाया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल स्थिति गंभीर बनी हुई है और अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो पूरे क्षेत्र की वन संपदा को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।फिलहाल सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कब तक इस आग पर काबू पाया जाता है।

Related Articles

Back to top button