देश

धनबाद के आशीर्वाद टावर में लगी भीषण आग,दर्जन भर  मौतों की आशंका रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

(शशि कोन्हे : झारखंड के धनबाद में एक बहुमंजिली इमारत में भीषण आग लग गई जिसमें कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की सूचना है। बताया जाता है कि आग धनबाद स्थित आशीर्वाद टावर में लगी है। इस घटना से पूरी इमारत में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है लेकिन मरने वालों की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नही हो पाई है जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी राहत कार्य में लगे हैं। इस अग्निकांड में 4 फ्लैट जलकर खाक हो गए हैं।

मरने वालों में 8 महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। 18 लोग अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे में मारे जाने वाले लोगों में अधिकांश महिलाएं एवं बच्चे बताए जा रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि हादसे में मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है क्योंकि कई लोग अभी भी इमारत में फंसे बताए जा रहे हैं। डराने वाली बात यह कि इमारत में आग नीचे से लगी जिसके ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने की आशंका हैं। अभी तक चार फ्लैट जलकर खाक हो चुके हैं।

पुलिसबल और दमकलकर्मी बचाव और राहत के काम में जुटे हैं। हादसे में अब तक 18 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी बताए जा रहे हैं। इन लोगों को पास के पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जिला प्रशासन ने बड़ी संख्या में एंबुलेंस गाड़ियों को मौके पर बुलाया है। बताया जाता है कि जिस फ्लैट में आग लगी उसमें रहने वाले परिवार में शादी थी। इसी फ्लैट में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया।

10 मंजिला आशीर्वाद टावर में भीषण आग से लोगों में अफरातफरी का माहौल है। लोग अपनों की कुशलता के लिए परेशान हैं। आग के बुरी तरह से फैल जाने के कारण दमकलकर्मियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आस पास के थानों के पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि  ऊपर के फ्लैट में कई लोग फंस गए हैं। बच्चे, महिलाओं और बुजुर्गां के रोने चीखने की आवाजें आ रही हैं। आग की लपटें विकराल होती जा रही हैं। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें दूर से ही नजर आ रही हैं।

बताया जाता है कि चौथी मंजिल पर रहने वाले एक व्यक्ति के यहां शादी थी। इस मंजिल पर आग सबसे पहले भड़की। हालांकि आग लगने के कारणों को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा रहा। बता दें कि आशीर्वाद टावर में तीन ब्लॉक हैं। बी ब्लॉक में आग लगने की घटना घटी है। 10 मंजिले टावर में लगभग 70 फ्लैट होने की बात कही जा रही है। आग बुझाने के लिए कोई परेशानी नहीं हो, इस कारण शक्ति मंदिर रोड पर आवागमन को बंद कर दिया गया है। धनबाद में चार दिन में आग की यह दूसरी बड़ी घटना है। गत शुक्रवार की रात को हाजरा अस्पताल में भीषण आग से डॉक्टर दंपति समेत पांच की मौत हो गई थी। अब आशीर्वाद अपार्टमेंट में आग की बड़ी घटना घट गई।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button