नकली Gold Flake सिगरेट का भंडाफोड़, ITC टीम की रेड में लाखों का माल जब्त

बिलासपुर में नकली सिगरेट के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है… जहां नामी ब्रांड की आड़ में धड़ल्ले से फर्जी सिगरेट बेची जा रही थी। इस पूरे मामले का पर्दाफाश ITC लिमिटेड की टीम ने किया, जो खासतौर पर दिल्ली से जांच के लिए पहुंची थी।गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सबसे पहले शहर के अलग-अलग पान ठेलों और दुकानों से सिगरेट के सैंपल जुटाए। शुरुआती जांच में ही इन सिगरेटों पर शक गहराया… जिसके बाद टीम ने ग्राहक बनकर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के व्यापार विहार इलाके में दबिश दी।
रेड के दौरान महाराणा प्रताप चौक के पास नगर निगम कॉलोनी स्थित एक थोक सप्लायर की फर्म से करीब 5 लाख रुपये की नकली Gold Flake सिगरेट बरामद की गई। बताया जा रहा है कि यह सिगरेट दिखने में बिल्कुल असली जैसी थी, जिससे आम ग्राहक आसानी से धोखा खा सकते थे।जांच के दौरान जब पैकेट की प्रिंटिंग, होलोग्राम, सीरियल कोड और सिगरेट की क्वालिटी की तुलना असली प्रोडक्ट से की गई… तो यह पूरी तरह नकली पाई गई। इसके बाद टीम ने पूरा माल जब्त कर लिया और सिविल लाइन थाने में जमा कराया, जहां देर रात तक कार्रवाई जारी रही।
सूत्रों के मुताबिक, यह अवैध कारोबार शहर में बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था… और रोजाना करीब 2 लाख रुपये तक का टर्नओवर किया जा रहा था।फिलहाल पुलिस और ITC की टीम पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है… यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नकली सिगरेट का सप्लाई नेटवर्क किन-किन शहरों तक फैला हुआ है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद बिलासपुर में चल रहे नकली तंबाकू कारोबार पर सवाल खड़े हो गए हैं… और अब उम्मीद की जा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई होगी।




