टिंबर मार्केट में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, लाखों का नुकसान

रायपुर – देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। टिंबर यानी लकड़ी का बाजार होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसमान तक उठती लपटों ने आसपास के लोगों में दहशत पैदा कर दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। वहीं आग की वजह से आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में व्यापारियों को लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




