शराब के नशे में युवक चढ़ा 50 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर

धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेंडरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक शराब के नशे में धुत होकर करीब 50 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक काफी देर तक टावर के ऊपर चढ़कर ड्रामा करता रहा, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुट गई।
बताया जा रहा है कि ग्राम भेंडरा में एक युवक शराब के नशे में अचानक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।
इसके बाद घटना की सूचना तत्काल भखारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। युवक की इस हरकत से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हुए हैं।




