करोड़ो के गांजा के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, 491 किलो गांजा जब्त….

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 491 किलोग्राम गांजा, एक स्विफ्ट कार, एक पिकअप वाहन और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई जिले में बीते चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती में से एक मानी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक अर्जुनी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्विफ्ट कार और पिकअप वाहन के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चारामा-धमतरी मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर श्यामतराई वन विभाग जांच नाका के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेटों में रखा भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
मामले में नौशाद खान निवासी उत्तर प्रदेश, वर्तमान जगदलपुर, करण निवासी बोरिया रायपुर, मोहम्मद शादिक निवासी गोकुलनगर टिकरापारा रायपुर और हिमांशु साहू निवासी पचमढ़ी नाका रायपुर को गिरफ्तार किया गया है। एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर सहित अन्य शहरों में खपाने की तैयारी में थे। गौरतलब है कि सिहावा और वनांचल क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई के बावजूद आज की यह सफलता धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है।




