बिटकॉइन में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 7.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में बिटकॉइन निवेश के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर महिला से साढ़े सात लाख रुपये ठग लिए। आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला दुर्ग के शिक्षक नगर इलाके का है, जहां रहने वाली देवकी सोनकर को आरोपी पीलादास मानिकपुरी ने बिटकॉइन में निवेश करने पर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत लाभ देने का लालच दिया। आरोपी ने अलग-अलग समय में नगद और यूपीआई के जरिए कुल 7 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। शुरुआत में कुछ रकम वापस कर भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने बाकी पैसे लौटाने से इंकार कर दिया और संपर्क बंद कर फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश या ज्यादा मुनाफे के लालच में आने से पहले संबंधित व्यक्ति और संस्था की पूरी जांच जरूर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।




