ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 4 जवानों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

धमतरी जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी पांच जवान रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चार जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और वाहन की तकनीकी खराबी सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




