उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने 117 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाले तीन वृहद पुलों का किया शिलान्यास

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : रायपुर के रिंग रोड क्रमांक-2 पर 117 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले तीन बड़े पुलों का शिलान्यास उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने किया। शिलान्यास कार्यक्रम हीरापुर चौक (गनपत चौक) में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेशवासियों को नवरात्र और विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अटल निर्माण वर्ष मना रही है और राजधानी रायपुर को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया जीएसटी बचत उत्सव देश की 140 करोड़ जनता को सीधा लाभ देगा। उन्होंने बताया कि अब रोजमर्रा की वस्तुओं से लेकर बड़ी खरीदारी तक पर नागरिकों को एक समान टैक्स दर का फायदा मिलेगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सरकार शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार सुधार के प्रयास कर रही है। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि गरीब परिवारों की सुविधा के लिए बनाई गई योजनाओं को समय पर पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, विधायक सुनील सोनी, पुरन्दर मिश्रा, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, पार्षद रामहिन कुर्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जाने वाले इन तीन ओवरपास में —
- जरवाय मार्ग (बंगाली होटल के पास) पर 23.89 करोड़ रुपये,
- हीरापुर चौक पर 49.40 करोड़ रुपये,
- सरोरा चौक (रिलायंस पेट्रोल पंप के पास) पर 43.76 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जाएगा।
इन ओवरपासों के बन जाने से टाटीबंध से भनपुरी तक का मार्ग सुगम होगा और हीरापुर, अटारी, जरवाय, तेंदुआ, गुमा, कोटा और मोहबा बाजार क्षेत्र के दो लाख से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।




