उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया सिमगा में सिटी सर्विलांस का शुभारंभ, 40 हाई-टेक कैमरों से अपराधियों पर रखी जाएगी पैनी नजर

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा थाना में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सिटी सर्विलांस का उद्घाटन किया। उनके साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे। दोनों ने सिटी सर्विलांस कक्ष का अवलोकन किया और अधिकारियों से जानकारी ली।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार अपराधों पर नियंत्रण के लिए नए-नए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सिमगा नगर नेशनल हाईवे के किनारे स्थित है और यहां उद्योगों के कारण अन्य राज्यों से भी लोग आते हैं।
ऐसे में सिटी सर्विलांस सिस्टम अपराधियों की पहचान और उन्हें पकड़ने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि पूरे नगर में 40 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो रात में भी वाहनों के नंबर स्पष्ट रूप से ट्रेस कर सकते हैं।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि अब सिमगा की निगरानी तीसरी आंख से होगी। कैमरों की मदद से पूरे शहर पर पैनी नजर रखी जाएगी, जिससे अपराधों पर अंकुश लगेगा और पुलिस कार्रवाई और अधिक प्रभावी होगी। कार्यक्रम में कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष दौलत राम पाल, सदस्य चंद्रप्रकाश टोंड्रे सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।



