न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज ने एमजीएम पब्लिक स्कूल में आयोजित किया ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप, 120 बच्चों की हुई जांच.

बिलासपुर – न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज द्वारा एमजीएम पब्लिक स्कूल, घुरु अमेंरी में एक दिवसीय ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया।कैंप का आयोजन कॉलेज के अध्यक्ष प्रकाश दावड़ा, सचिव अशोक अग्रवाल और डीन डॉ. राणा के. वर्गीस के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने स्कूल के 120 छात्रों और शिक्षण स्टाफ की स्क्रीनिंग की और उनके मौखिक स्वास्थ्य की जांच की। पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग की फैकल्टी डॉ. स्वाति अग्रवाल ने छात्रों को मौखिक स्वच्छता बनाए रखने, सही ब्रशिंग तकनीक, और संतुलित आहार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को यह भी समझाया कि रोजाना दो बार ब्रश करना और शुगरयुक्त खाद्य पदार्थों का सीमित सेवन, दांतों को लंबे समय तक स्वस्थ रखता है।
कैंप में डॉ. दीपनिता, डॉ. आराधना, डॉ. मंज़िल, डॉ. नरेंद्र और डॉ. इशानी ने सक्रिय रूप से भाग लिया और छात्रों की स्क्रीनिंग की। यह स्वास्थ्य शिविर कक्षा पहली से चौथी तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित किया गया, जहां बच्चों ने ओरल हेल्थ डेमोंस्ट्रेशन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस तरह के कैंप्स का उद्देश्य बच्चों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि न्यू होराइज़न डेंटल कॉलेज द्वारा पहले भी कई स्कूलों में ऐसे मुफ़्त स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए जा चुके हैं और आगे भी यह पहल जारी रहेगी।इस पहल से न सिर्फ बच्चों में दांतों की देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ी है, बल्कि उन्हें स्वस्थ मुस्कान बनाए रखने की प्रेरणा भी मिली है।




