बिलासपुर

राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में बोदरी में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, महिलाओं ने फोड़ी मटकी

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर/बोदरी। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर बिलासपुर जिले की बोदरी नगर पालिका में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक और पूर्व विधायक सियाराम कौशिक के नेतृत्व में महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर रैली निकाली और राम मंदिर पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर विरोध दर्ज कराया।

Advertisement

चकरभाठा स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई रैली राम मंदिर तक पहुंची। रैली में शामिल महिलाओं की मटकियों पर “पाप का घड़ा भर गया है”, “चौकीदार चोर है” और “मंदिर चंदा चोरी” जैसे नारे लिखे गए थे। ढोल-मांदर की थाप और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों के बीच निकली इस रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

Advertisement

राम मंदिर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर अपना विरोध जताया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यदि चढ़ावे में किसी प्रकार की अनियमितता या चोरी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने अपने संबोधन में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा और उससे जुड़े विभिन्न मुद्दों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार पर राजनीतिक निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई होने तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। बोदरी में हुए इस अनोखे प्रदर्शन के बाद क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है और अब इस मुद्दे पर आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।(नोट: यह प्रदर्शन कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके विरोध कार्यक्रम पर आधारित है। कथित चढ़ावा चोरी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा होना शेष है।)

Related Articles

Back to top button