कैट के सरगुजा संभाग प्रभारी कन्हैया गुप्ता का मनेन्द्रगढ़ दौरा सम्पन्न

(राम प्रसाद गुप्ता) : मनेन्द्रगढ़। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के सरगुजा संभाग प्रभारी कन्हैया गुप्ता, सरगुजा सह प्रभारी दिनेश पटेल और सुशील गोयनका का रविवार को मनेन्द्रगढ़ दौरा सम्पन्न हुआ। इस दौरान कैट पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार, जिला कार्यकारिणी के गठन तथा आगामी व्यापारिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में हाल ही में कैट एमसीबी/कोरिया जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए रघुनाथ पोद्दार का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। सरगुजा संभाग प्रभारी कन्हैया गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की एकजुटता, सक्रिय भागीदारी और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने, जिला कार्यकारिणी का शीघ्र गठन करने तथा व्यापारियों को संगठन से अधिकाधिक जोड़ने पर बल दिया।
बैठक में आगामी 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारत व्यापार महोत्सव में एमसीबी एवं कोरिया जिले के व्यापारियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा हुई। कन्हैया गुप्ता ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के व्यापार महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ कई अन्य देशों के उद्योगपति, व्यापारी एवं कारोबारी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। ऐसे में छत्तीसगढ़ के व्यापारियों के लिए अपने उत्पादों, व्यापारिक संभावनाओं और नेटवर्क को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का यह सुनहरा अवसर है। उन्होंने प्रदेशभर के व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की।
कैट एमसीबी जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने व्यापारियों से समय रहते पंजीयन कर इस राष्ट्रीय व्यापारिक आयोजन में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे स्थानीय व्यापारियों को नए बाजार, आधुनिक तकनीकों, नवाचारों तथा देशभर के व्यापारिक नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि एमसीबी एवं कोरिया जिले से भी अधिकाधिक व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है। बैठक में व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों, संगठन को मजबूत बनाने की कार्ययोजना तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर सरगुजा सह प्रभारी दिनेश पटेल, सरगुजा सह प्रभारी सुशील गोयनका एवं कैट प्रभारी रफीक मेमन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए व्यापारियों से संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने तथा भारत व्यापार महोत्सव में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैट सरगुजा संभाग प्रभारी कन्हैया गुप्ता, सरगुजा सह प्रभारी दिनेश पटेल, सरगुजा सह प्रभारी सुशील गोयनका, कैट एमसीबी जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार, कैट प्रभारी रफीक मेमन, संदीप दुआ, रंजीत चोपड़ा, शोएब खान, अशोक गुप्ता (डब्बू), विनय जायसवाल, रिंकेश खन्ना, टीकम भोजवानी, समीर छत्तानी, सिराज, रवि गुप्ता, अश्विनी अग्रवाल, कीर्ति सोनी और जितेन्द्र चोपड़ा सहित व्यापार जगत के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।



