देश

कांग्रेस ने कहा…कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन होगा….. लेकिन नहीं रुकेगी भारत जोड़ो यात्रा..!

(शशि कोन्हेर) : देश में बढ़ते कोरोना के खतरे को लेकर कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को स्थगित करने की सलाह केंद्र सरकार की ओर से मिली थी। जिसे लेकर अब कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि यात्रा नहीं रुकेगी, हालांकि कांग्रेस ने कहा कि यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। वहीं हरियाणा पुलिस पर कांग्रेस ने यात्रा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।


क्या कहा कांग्रेस नेता ने


पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस कोविड संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेगी, लेकिन भारत जोड़ो यात्रा को नहीं रोका जाएगा। उन्होंने कहा- “कांग्रेस कोविड की रोकथाम से संबंधित सभी सावधानियों का पालन करेगी, लेकिन यात्रा नहीं रुकेगी, नहीं रुकेगी, नहीं रुकेगी।”


कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर पार्टी और व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार है। कांग्रेस की इस यात्रा से सरकार डर गई है, इसलिए तरह-तरह के आदेश और पत्र जारी किए जा रहे हैं। हम किसी भी पत्र को गंभीरता से नहीं लेंगे।


पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने यात्रा के लिए संबंधित प्रशासन से आवश्यक अनुमति ले ली है। यदि भाजपा सरकार प्रशासन के माध्यम से इसे रोकने का प्रयास करेगी तो वह लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जवाबदेह होगी।
हरियाणा में लगाई बड़ा आरोप कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इस समय हरियाणा में चल रही है। गुरुवार को राहुल गांधी ने एक सभा को भी यहां संबोधित किया।

इस यात्रा को लेकर कांग्रेस ने हरियाणा पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि यात्रा में लोग नहीं पहुंच सकें, इसके लिए हरियाणा पुलिस काम कर रही थी। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने गुरुवार को आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने लोगों को यहां भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने से रोकने की कोशिश की। साथ ही जहां यात्री रूके थे, वहां की बिजली काट दी गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button