बीपी मशीन की आड़ में मंगाया जा रहा था कोकीन, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा करते हुए कोरियर के जरिए मंगाई जा रही कोकीन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीपी मशीन की आड़ में मादक पदार्थ मंगा रहा था।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कृष्ण गोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया। आरोपी को नारायणा हॉस्पिटल के पास से पकड़ा गया।तलाशी के दौरान आरोपी के वाहन से एक कोरियर पैकेट बरामद हुआ, जिसमें बीपी मशीन के अंदर छिपाकर 4.55 ग्राम कोकीन रखी गई थी। जब्त कोकीन की कीमत करीब 2 लाख 27 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक कार और आईफोन भी जब्त किया है। कुल जप्ती की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं, कोरियर फर्म की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




