रायपुर में यातायात व्यवस्था सुधारने नई पहल, 25 ट्रैफिक वार्डन तैनात….

रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ट्रैफिक वार्डन योजना की शुरुआत की गई है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा की पहल पर जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से 25 ट्रैफिक वार्डनों की नियुक्ति की गई है।
इन ट्रैफिक वार्डनों को शहर के भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों और जाम प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। ट्रैफिक वार्डन के रूप में नियुक्त किए गए पुरुष और महिला सदस्यों को यातायात नियंत्रण संबंधी प्रशिक्षण के बाद फील्ड में भेजा जाएगा।

इस अवसर पर आईजी श्री मिश्रा, कलेक्टर गौरव सिंह, एसएसपी लाल उमेद सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीपक, जिला पंचायत सीईओ विश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों ने ट्रैफिक वार्डनों को जिम्मेदारीपूर्वक, ईमानदारी और विनम्रता से कार्य करने की सलाह दी और कहा कि एक महीने बाद उनके कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
आईजी श्री मिश्रा ने कहा कि रायपुर जिले में इस योजना की सफलता के आधार पर राज्य के अन्य जिलों में भी ट्रैफिक वार्डन योजना को लागू किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त ट्रैफिक वार्डनों को बधाई दी गई और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।




