छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और अंधड़ की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बन गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण के असर से 21 मार्च को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, हालांकि अगले कुछ दिनों में तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है, ऐसे में खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।




