CCTV में कैद हुआ ख़ौफ़नाक मंजर….तेज रफ्तार कार की टक्कर से छात्र की मौत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के वेयरहाउस रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। कैमरे में तेज रफ्तार कार एक्टिवा सवार छात्र को जोरदार टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है। हादसे का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि टक्कर के बाद छात्र कई फीट दूर उछलकर सड़क पर गिरता है। गंभीर रूप से घायल 11वीं के छात्र ऋषभ प्रताप शर्मा को पहले सिम्स और फिर अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। इस हादसे ने पूरे शहर को गमगीन कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था और उसके साथ अन्य नाबालिग भी सवार थे। पुलिस ने नाबालिग चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद शहर में तेज रफ्तार और नाबालिगों के वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।




