हाईवे पर ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह पकड़ाया, 2 गिरफ्तार, 3 फरार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर की कोनी पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का 200 लीटर डीजल, दो स्कॉर्पियो वाहन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले पाइप व लोहे की छड़ बरामद की है। गिरोह के तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
मामला 11 जुलाई का है, जब रायपुर से सिंगरौली जा रहे एक ट्रेलर चालक ने गतौरी स्थित बाबी ढाबा के पास भोजन के लिए वाहन खड़ा किया था। इसी दौरान बदमाशों ने ट्रेलर की टंकी से करीब 150 लीटर डीजल चोरी कर लिया। शिकायत मिलने के बाद कोनी पुलिस ने जांच शुरू की। अगले ही दिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हाईवे पर दबिश देकर चोरी का डीजल बेचने की फिराक में घूम रहे गिरोह को घेर लिया। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी भाग निकले, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 लीटर चोरी का डीजल, दो स्कॉर्पियो वाहन, पाइप और लोहे की छड़ जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के अनूपपुर निवासी शिवप्रसाद उर्फ छोटू लोनिया और बिलासपुर के भानु प्रसाद लोनिया शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




