‘Regalia 2026’ में झलकी प्रतिभा और सामाजिक चेतना, न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज का भव्य वार्षिकोत्सव संपन्न.

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – सकरी स्थित न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज एवं रिसर्च इंस्टिट्यूट में वार्षिक महोत्सव ‘Regalia 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सांस्कृतिक रंगों, सामाजिक संदेशों और विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा से सजा यह समारोह देर शाम तक उत्साह के साथ चलता रहा।
शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्वों को पिरोते हुए सकरी स्थित न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज एवं रिसर्च इंस्टिट्यूट में वार्षिक महोत्सव ‘Regalia 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में छात्र-छात्राओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने देर शाम तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रखा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज के डीन डॉ. राणा के. वर्गीस ने स्वागत भाषण मे संस्थान की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रेसीडेंट प्रकाश दावडा, सेक्रेटरी अशोक अग्रवाल सहित मैनेजमेंट टीम मौजूद रही।महोत्सव में छात्रों ने स्वागत नृत्य, फैशन शो, डांस फेसऑफ और लाइव बैंड जैसी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों को भी प्राथमिकता दी गई। वार्षिकोत्सव से पूर्व छात्रों ने शहर के प्रमुख मॉल्स में फ्लैश मॉब के जरिए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘दहेज प्रथा उन्मूलन’ और ‘नशा मुक्ति’ जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाई।समारोह के समापन पर शैक्षणिक एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वाइस डीन डॉ. तुषार तनवानी ने आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज एवं रिसर्च इंस्टिट्यूट का वार्षिकोत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह प्रतिभा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संगम बन गया ।




