सूटकेस में भरकर ले जा रहा था लाखों की नकदी, पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास पकड़ा

बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से लाखों रुपए की संदिग्ध नकदी जब्त की है। पुलिस अब रकम के स्रोत की जांच में जुटी है।मामला 8 अप्रैल 2026 का है, जब बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक युवक दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम पवन बजाज, निवासी कश्यप कॉलोनी, बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे बैग और सूटकेस से 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों के कुल 81 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 17 लाख 90 हजार रुपए है।
पुलिस ने उक्त रकम को संदिग्ध मानते हुए बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से नकदी के स्रोत और उसके उपयोग को लेकर पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही है।




