बिलासपुर

केंद्रीय जेल में कैदी की संदिग्ध मौत….नहाने के दौरान फिसलने का दावा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर केंद्रीय जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जेल प्रशासन का कहना है कि नहाने के दौरान कैदी फिसलकर पत्थर से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल कैदी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Advertisement

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। मृतक की पहचान तखतपुर निवासी जनकराम साहू के रूप में हुई है, जो किसी मामले में बिलासपुर केंद्रीय जेल में बंद था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जेल परिसर में स्नान करते समय उसका पैर फिसल गया और वह पत्थर से जा टकराया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद जेल प्रशासन ने घायल बंदी को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

कैदी की मौत के बाद जेल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कैदी की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं जेल प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम की आंतरिक जांच कर रहा है।

Related Articles

Back to top button