नहर किनारे संदिग्ध हालत में मिली अधेड़ की लाश….

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अरपा नदी किनारे स्थित शराब दुकान के पास नहर किनारे एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध हालत में लाश मिली। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान तोरवा बस्ती निवासी अशोक पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह स्थानीय लोगों ने नहर किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शव शराब दुकान के पास मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अशोक पटेल वहां कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।




