बिलासपुर
बिलासपुर रेल हादसा : जांच के लिए पहुँचे मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रिपोर्ट का इंतजार, मीडिया से बनाई दूरी….

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर में मंगलवार शाम हुए भीषण रेल हादसे के बाद अब जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लालखदान के पास गेवरारोड से आ रही मेमू लोकल ट्रेन, उसी ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मेमू ट्रेन का मोटर कोच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 11 यात्रियों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे।
बुधवार को रेलवे के मुख्य सुरक्षा आयुक्त बी.के. मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुँचे। उन्होंने मौके पर हादसे की विस्तृत जांच की और तकनीकी व मानवीय पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की।
जांच के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, हालांकि टीम ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सकेगा कि हादसा आखिर कैसे हुआ और इसमें लापरवाही किसकी थी।




