जीएसटी मे कटौती जांचने नेता जी जाएंगे बाजार, बीजेपी ने कहा सरकार का राहतकारी कदम

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – देश में GST 2.0 लागू होने के बाद बिलासपुर में बड़े ऐलान किए गए हैं। पूर्व मंत्री और स्थानीय विधायक अमर अग्रवाल ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया और इस फैसले को आज़ादी के बाद का सबसे बड़ा आर्थिक सुधार बताया।
बिलासपुर में हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक अमर अग्रवाल के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, महापौर पूजा विधानी, कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह मौजूद रहे। अमर अग्रवाल ने कहा कि GST की चार दरों को घटाकर दो कर दिया गया है और टैक्स कम करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को जाता है। विधायक अग्रवाल ने बताया कि साबुन, तेल, दूध और पनीर जैसी आम जरूरत की चीज़ों पर अब केवल 5% टैक्स लगेगा, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य प्रीमियम पूरी तरह टैक्स-फ्री कर दिए गए हैं। इसी तरह, गाड़ियों पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है, जिससे देश की 90% जनता को टैक्स में बचत होगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने का जो कदम उठाया है, वह ऐतिहासिक है। GST 2.0 से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा और कारोबारियों के लिए भी यह व्यवस्था आसान होगी।
इस मौके पर भाजपा ने घोषणा करते हुए कहा मंगलवार से पार्टी के पार्षद, कार्यकर्ता, सांसद, विधायक और मंत्री बाजारों में जाएंगे। वे उपभोक्ताओं और दुकानदारों से मुलाकात कर यह सुनिश्चित करेंगे कि लोगों को कम की हुई दरों पर ही सामान मिले। साथ ही, आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए स्वदेशी उत्पाद बेचने का आग्रह भी किया जाएगा। विधायक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य निगरानी करना नहीं, बल्कि व्यापारियों से आग्रह करना है, क्योंकि उन्हें देश के व्यापारियों की ईमानदारी पर भरोसा है।
तो ये था GST 2.0 को लेकर बिलासपुर में हुआ बड़ा ऐलान। अब देखना होगा कि टैक्स दरों में हुई इस कटौती का लाभ आम उपभोक्ताओं तक कितनी जल्दी पहुंचता है।
लोकस्वर के लिए भूपेन्द्र सिंह राठौर की रिपोर्ट




