खेल और संस्कृति के रंग में रंगा जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस, “आव्हान 2025” का हुआ भव्य समापन, अतिथियों ने विनर टीम को सौपीं चैंपियंस ट्रॉफी.

बिलासपुर – जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस द्वारा आयोजित वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘आवहन 2025’ का भव्य समापन एक यादगार और ऐतिहासिक पल में तब्दील हो गया। पूरे सप्ताह चले इस महोत्सव ने खेल, संस्कृति और प्रतिभा के संगम से शैक्षणिक जगत में नई ऊर्जा भर दी।”आव्हान” 2025 समापन समारोह में राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष ग्रामीण मोहित जायसवाल एवं वरिष्ठ पार्षद राजेश सिंह मंचासीन रहे। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया, समारोह का सबसे रोमांचक क्षण तब आया, जब मंच पर रखे गए बॉक्स से लिफ़ाफ़ा निकालकर चैंपियंस ट्रॉफी के विजेता की औपचारिक घोषणा की गई। जैसे ही विजेता टीम का नाम घोषित हुआ, उसी पल भव्य आतिशबाज़ी से पूरा परिसर गूंज उठा। तालियों की गड़गड़ाहट और छात्रों के उत्साह ने माहौल को जश्न में बदल दिया।

मुख्य अतिथि अरुण साव द्वारा चैंपियंस ट्रॉफी विजेता टीम को सम्मानित किया गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए जेके हॉस्टल की टीम ने ‘आव्हान 2025’ की चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया। ट्रॉफी हाथ में लेते ही खिलाड़ियों की खुशी और दर्शकों की तालियों ने परिसर को गर्व से भर दिया, चैंपियंस ट्रॉफी वितरण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य, संगीत और मंचीय कला की प्रस्तुतियों ने समापन समारोह को बेहद आकर्षक और अविस्मरणीय बना दिया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र है, बल्कि खेल और संस्कृति के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का भी मजबूत मंच प्रदान करता है। उन्होंने खेलों को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का सशक्त माध्यम बताया।
पूरे सप्ताह चले ‘आव्हान 2025’ में जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के सभी महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। खेल मैदान से लेकर सांस्कृतिक मंच तक, हर जगह प्रतिभा और ऊर्जा देखने को मिली। जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन के. खान, सेक्रेटरी डॉ. आई. ए. खान एवं डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह ने ‘आव्हान 2025’ के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन समिति, शिक्षकों और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। ‘आव्हान 2025’ न केवल एक आयोजन रहा, बल्कि यह छात्रों की प्रतिभा, संस्थान की सोच और भविष्य की मजबूत नींव का प्रतीक बनकर सामने आया।




