शासकीय स्कूल की विदाई पार्टी में नाबालिग ने ट्रैक्टर में किया स्टंट, शिक्षक बने तमाशबीन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में शासकीय स्कूल की विदाई पार्टी जश्न की जगह खतरे का कारण बन गई। रील बनाने के जुनून में छात्रों ने स्कूल परिसर को स्टंट ग्राउंड बना दिया, जहां बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मामला हिरी थाना क्षेत्र का है। शासकीय स्कूल में आयोजित विदाई पार्टी के दौरान छात्र कार और ट्रैक्टर लेकर शाला परिसर में घुस आए।
तेज रफ्तार में स्टंट करते वक्त कार और ट्रैक्टर की आपस में टक्कर हो गई। जांच में सामने आया है कि स्टंट के दौरान चालक नाबालिग था। गनीमत रही कि इस टक्कर में कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के समय स्कूल परिसर में मौजूद प्राचार्य और शिक्षक तमाशबीन बने रहे। न तो स्टंट रोका गया और न ही छात्रों को तत्काल बाहर निकाला गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिर्री थाना पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है और नाबालिग वाहन चालक को लेकर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




