ओपन यूनिवर्सिटी के कबाड़ में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के पंडित सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी में दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना दोपहर करीब ढाई से तीन बजे की बताई जा रही है, जब यूनिवर्सिटी परिसर में रखे पुराने सामान और कबाड़ में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत मोटरपंप और पाइप की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है कि बाहर झाड़ियों में लगी आग धीरे-धीरे परिसर के अंदर पहुंची, जिससे कबाड़ और टायरों में आग लग गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और नुकसान भी सीमित बताया जा रहा है। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह यूनिवर्सिटी के अन्य विभागों तक फैल सकती थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।




