बिलासपुर

अमरनाथ राइस मिल पर प्रशासन का हंटर: 11 हजार बोरियां गायब, बिजली बिल से खुलेगी धांधली की पोल!

(आशीष मौर्य संपादक) : ​बिलासपुर/सिरगिट्टी: शासन के धान को खुर्द-बुर्द करने और स्टॉक में हेराफेरी करने वाले राइस मिलर्स के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश और एसडीएम के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी स्थित अमरनाथ एग्रो प्रोडक्ट्स में हुई औचक जांच में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच दल को मिल में स्टॉक के मुकाबले 11,443 बोरियां धान कम मिला है।

Advertisement

​दो दिनों तक चली जांच, बेतरतीब धान ने उलझाया : तहसीलदार प्रकाश साहू, अतिरिक्त तहसीलदार आकाश गुप्ता, खाद्य निरीक्षक और नागरिक आपूर्ति निगम की संयुक्त टीम जब मिल पहुंची, तो वहां धान इतने बेतरतीब ढंग से रखा गया था कि उसकी गिनती करना नामुमकिन लग रहा था। टीम को सटीक स्टॉक का पता लगाने में दो दिन का समय लगा। मिल प्रबंधन ने विभिन्न समितियों से 59,500 क्विंटल धान उठाना बताया था, लेकिन मौके पर हिसाब पूरी तरह बिगड़ा हुआ मिला।

Advertisement

​बड़ी गड़बड़ी: हजारों बोरियां गायब और दस्तावेज अधूरे : जांच के बाद जो आंकड़े सामने आए, उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया,11,443 बोरियां धान स्टॉक से गायब पाया गया।​स्टॉक डिटेल रजिस्टर, बी-1 और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज अद्यतन (Updated) नहीं पाए गए। जांच के दौरान लगभग 5,000 क्विंटल चावल की मिलिंग होना पाया गया, लेकिन इसका भी सही रिकॉर्ड संधारित नहीं था।

 

​अब ‘बिजली खपत’ खोलेगी पोल​ : अधिकारियों को अंदेशा है कि मिलिंग के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है। सच्चाई का पता लगाने के लिए तहसीलदार ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) के कार्यपालन यंत्री को पत्र लिखा है। इसमें मिल की पिछले 10 दिनों और पिछले एक महीने की विद्युत खपत (Power Consumption) की जानकारी मांगी गई है। यदि बिजली की खपत मिलिंग के दावों से मेल नहीं खाती, तो मिल प्रबंधन की मुश्किलें और बढ़ना तय है।

 

​अग्रिम कार्रवाई की तैयारी​ : मौके पर मौजूद संयुक्त टीम ने सभी बिंदुओं का पंचनामा तैयार कर लिया है। एसडीएम के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर उच्च अधिकारियों को प्रेषित किया गया है। माना जा रहा है कि स्टॉक में इतनी बड़ी कमी पाए जाने पर मिल के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई और एफआईआर भी दर्ज हो सकती है।

Related Articles

Back to top button