तेलीपारा में दो दुकानों में सेंधमारी, चोरों ने पुलिस गश्त को दी खुली चुनौती.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – तेलीपारा मेन रोड में बीती रात चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दो दुकानों को निशाना बनाया। सवाल उठते हैं जब शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पर, लगातार चोरी हो रही हो, तो पुलिस की रात की गश्त आखिर किस काम की?
पहली घटना गणेश इंटरप्राइजेज की है, जहां सीसीटीवी कैमरे में तीन अज्ञात चोर कैद हुए। बताया गया कि चोर दुकान के बाजू लगे होर्डिंग से रस्सी के सहारे ऊपर चढ़े, छत का दरवाज़ा खुला पाकर सीधे नीचे उतर आए और पूरे इत्मीनान से गल्ले को तोड़कर करीब ₹50,000 कैश पार कर गए। दुकानदार गणेश अग्रवाल ने बताया कि स्टाफ की सैलरी देने के कारण कैश रखा गया था, और अफसोस की बात यह रही कि नया स्टाफ टॉप फ्लोर का गेट बंद करना भूल गया। चोरों ने मौके का फायदा उठाया और दुकान में बैठकर आराम से पानी पिया और वहां से फरार हो गए। वहीं दूसरी घटना ठीक बगल की दुकान ‘मालिक राम एंड संस मेडिकल एजेंसी’ की है, जहाँ रात लगभग 9:30 से 10 बजे के बीच दुकान बंद की गई थी, लेकिन सुबह जब संचालक पहुंचे तो तीन जगह से ताले टूटे हुए मिले। दराज से ₹24,500 नगद और करीब ₹5000 के सिक्के, साथ ही भगवान के चांदी के सिक्के और कुछ महंगी दवाइयां भी गायब थीं।
तेलीपारा मेन रोड पर लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं ने पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर दुकानें मेन रोड के किनारे स्थित हैं, वहीं दूसरी ओर लगातार चोरी की घटनाएं यह दर्शा रही हैं कि रात के वक्त न पुलिस की गश्त दिखाई देती है, न ही कोई रोक-टोक। तेलीपारा जैसी व्यस्त जगह पर दो दुकानों में एक ही रात चोरी की घटनाएं कहीं न कहीं सुरक्षा इंतज़ाम की पोल खोलती हैं। देखना ये होगा कि क्या पुलिस अब नींद से जागेगी या व्यापारी ऐसे ही असुरक्षा में जीते रहेंगे।




