देश

दिल्ली में 15 जनवरी तक सभी प्राइवेट स्कूल बंद…..केजरीवाल ने दी बच्चों को ठंडी में राहत

(शशि कोन्हेर) : दिल्ली में दिनोंदिन पारा लुढ़कता जा रहा है। कोहरे के कोहराम से लोग परेशान हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार ने सभी प्राइवेट स्कूलों को 15 जनवरी 2023 तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने ये आदेश जारी किया है। दिल्ली सरकार के एडवाइजरी के मुताबिक, सभी प्राइवेट स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के प्राइवेट स्कूल कल से खुलने वाले थे। अब दिल्ली सरकार के इस आदेश के बाद प्राइवेट स्कूल के बच्चों की 15 जनवरी तक छुट्टी रहेगी। ये फैसला दिल्ली में बढ़ती ठंड को देख कर लिया गया है। यानी अब बच्चों को सात दिनों की छुट्टी और मिल गई। ये छुट्टी दिल्ली की जबरदस्त ठंड को देखकर दी गई है। भीषण कोहरे के चलते बच्चों को स्कूल जाने में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।


दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों को पहले ही 12 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दे दिया था। सरकारी स्कूलों के नौवीं से बारहवीं तक के बच्चों की छुट्टी नहीं चल रही है। उन्हें रेमेडियल क्लास के लिए बुलाया जा रहा है। रेमेडियल क्लास एक तरह से एक्स्ट्रा क्लास को कहा जाता है। नौवीं से बारहवीं तक के बच्चों के बोर्ड एग्जाम को देखते हुए ये रेमेडियल क्लास चलाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button