4 साल के मासूम की हत्या का आरोपी 7 महीने बाद गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने 4 वर्षीय मासूम मयंक मिश्रा की हत्या के मामले में सात महीने से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आमानाका थाना क्षेत्र में नवंबर 2025 में हुई इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी ने बच्चे का गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी का मृतक की मां से अवैध संबंध था और वह बच्चे को अपने रिश्ते में बाधा मानता था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत गला दबाने से होना सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने आरोपी जयदीप सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।




