
रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर धरसीवा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी गांव के पास बने टोल प्लाजा पर मंगलवार को आई तेज आंधी ने तबाही मचा दी। तेज हवाओं के चलते टोल प्लाजा का पूरा स्ट्रक्चर उखड़कर करीब 20 मीटर दूर बिलासपुर रोड की तरफ जा गिरा। घटनास्थल की तस्वीरें इस भीषण क्षति की गवाही दे रही हैं।
गनीमत रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय वहां कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा क्षति के आंकलन का कार्य किया जा रहा है, साथ ही टोल संचालन को अस्थायी रूप से रोका गया है।
मौसम विभाग द्वारा पहले ही तेज हवाओं और आंधी की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इस तरह की गंभीर क्षति ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।




