गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही

ज्वेलरी कारोबारी हत्याकांड का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार….

जीपीएम जिले के कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 26 मई को हुई इस वारदात में शामिल सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। आरोपियों के कब्जे से देशी कट्टे, जिंदा कारतूस, लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और कार बरामद की गई है।

Advertisement

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने बिहार और झारखंड के अपने साथियों के साथ मिलकर साप्ताहिक बाजारों में ज्वेलरी व्यापारियों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। घटना वाले दिन आरोपियों ने प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल ने अवैध हथियार से गोली मार दी, जिससे प्रदीप सोनी की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी लूट का माल लेकर फरार हो गए थे।

पुलिस ने लगातार दो सप्ताह तक विभिन्न राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को बिहार और झारखंड से गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए करीब 40 ग्राम सोना, 4 किलो 480 ग्राम चांदी, दो देशी कट्टे, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में बिलासपुर रेंज, जीपीएम, साइबर सेल और कई जिलों की पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button