बिलासपुर

गड्ढे में फंसा ट्रैक्टर, ईंटों के नीचे दबे युवक और बच्चा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – तखतपुर में जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कें फिर हादसे की वजह बन गईं। नया बस स्टैंड के पास मुख्य ईंटों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक 40 वर्षीय युवक और एक बच्चा ईंटों के ढेर में दब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुख्य मार्ग पर बने बड़े गड्ढे में ट्रैक्टर का पहिया फंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें भरी ईंटें सड़क किनारे मौजूद युवक और बच्चे के ऊपर गिर गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए ईंटों के ढेर में दबे दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायल हैं और उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

नागरिकों ने प्रशासन और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत या निर्माण शुरू नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का भूमिपूजन हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है। बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई भी पूरी हो चुकी है, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में खराब सड़कें लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं और आम लोगों की जान जोखिम में है।

Related Articles

Back to top button