रामा वर्ल्ड में मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका….!

राजधानी रायपुर के रामा वर्ल्ड इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिलने की सूचना सामने आई। मृतक की पहचान शुभम राणा, निवासी देवघर, झारखंड के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक शुभम राणा स्वर्णभूमि क्षेत्र में निर्माणाधीन एक मकान में कारपेंटरी का काम करता था और वहीं रह रहा था। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 11 बजे से शुभम अपने कमरे से गायब था। सुबह जब उसके साथी उठे, तो उन्होंने उसकी क्षत-विक्षत लाश देखी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए मामला पूरी तरह संदिग्ध बताया जा रहा है।
वहीं, सूचना मिलने पर झारखंड से रायपुर पहुंचे परिजनों ने शुभम की हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच सहित सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।फिलहाल विधानसभा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।




