कड़ाके की ठंड का असर: स्कूल 10 जनवरी तक बंद, मौसम विभाग का येलो अलर्ट

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कक्षा पहली से पांचवीं तक के सभी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।शहर समेत पूरे सरगुजा जिले में सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। ठंड का आलम यह है कि दिनभर लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग ने सरगुजा जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमोत्तर दिशा से आ रही शीतलहर ने पूरे इलाके को कंपकपा दिया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है और शीतलहर का असर जारी रहने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि उत्तर भारत में सक्रिय रहे पछुआ विक्षोभ के कारण बीते दो दिनों तक बादलों की आवाजाही से ठंड से थोड़ी राहत मिली थी। रविवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 9.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन विक्षोभ का प्रभाव खत्म होते ही फिर से ठंडी हवाओं और घने कोहरे का कहर शुरू हो गया।रविवार शाम से ही लगातार पश्चिमोत्तर की सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।




