बिलासपुर के समग्र विकास पर सीएम साय की बड़ी बैठक

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के समग्र और योजनाबद्ध विकास को लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अहम बैठक की। बिलासपुर नगर निगम और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए सड़क, पेयजल, सीवरेज, आवास, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अधोसंरचनाओं को तय समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को प्रदेश के दूसरे बड़े शहर के रूप में विकसित करने के लिए योजनाओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जरूरी है।
इस दौरान विकास कार्यों पर बिंदुवार मंथन किया गया और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी सहित क्षेत्रीय विधायकगण, मुख्य सचिव और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।सीएम साय ने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।




