आपसी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बार फिर आपसी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। जरहाभाठा मिनी बस्ती में मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि बात चाकूबाजी तक पहुंच गई।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा मिनी बस्ती की है जहां रविवार की दोपहरी दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सुमित बांधे नाम के युवक को गंभीर चोट आई, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच कुछ दिनों से पुरानी रंजिश चल रही थी। रविवार को जब दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मोहल्ले में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो सके।
फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। झगड़े की असली वजह क्या थी और इसमें कितने लोग शामिल थे इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।



