ऑपरेशन शंखनाद : गौ हत्या कर मांस पकाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार.

जशपुर – गौवंश की हत्या कर मांस पकाने और खाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। घटना बगीचा थाना क्षेत्र के सराई टोली मुंडाटोली गांव की है।
ऑपरेशन “शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस ने गौवंश से जुड़े अपराध में बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, 12 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मुंडाटोली में मनोज तिर्की नामक व्यक्ति के घर पर गौमांस रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए त्वरित दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को 01 किलो 500 ग्राम कच्चा और 100 ग्राम पका हुआ मांस मिला, जिसे जब्त कर पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि यह गौमांस है।
आरोपी मनोज तिर्की और उसकी पत्नी श्यामपति तिर्की को मौके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मनोज तिर्की ने कबूल किया कि उसने अन्य सात लोगों के साथ मिलकर गेरसा केरेडांड से एक गाय खरीद कर सुनसान जगह में उसकी हत्या की और मांस को बांट लिया।
पुलिस ने बाद में दो अन्य आरोपियों : अलबीनुस तिर्की और अशोक केरकेट्टा को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों को छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 10 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि चार आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गौ वंश के प्रति अपराध में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतलाल आयाम सहित पुलिस टीम के उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, आरक्षक मुकेश पांडे और अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




