बिलासपुर

बिलासपुर में कटहल से भरी पिकअप पलटी, चालक घायल

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के कोनी रोड पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में कटहल से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि सड़क पर कटहल बिखरने से कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।

Advertisement

मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के कोनी रोड का है। बताया जा रहा है कि कटहल से भरी पिकअप तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक स्कूटी सवार को बचाने के लिए चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में लदा सारा कटहल सड़क पर बिखर गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहीं क्रेन और लोगों की मदद से पलटी पिकअप को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। कोनी रोड पर हुए इस हादसे में एक बड़ी जनहानि टल गई। अगर समय रहते स्कूटी सवार और आसपास मौजूद लोग नहीं संभलते, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

Related Articles

Back to top button