रायपुर

प्रेम संबंध के शक में युवक की हत्या, हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने प्रेम संबंध के शक में हुई एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छपोरा का है, जहां गोठान के पास एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक 23 दिसंबर को ग्राम छपोरा स्थित गोठान के पास खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। शव आंशिक रूप से जला हुआ था और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत का कारण सिर पर गंभीर चोट बताया गया।

Advertisement

जांच के दौरान मृतक की पहचान ललित कुमार धीवर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम कुर्रा (बंगोली), थाना खरोरा के रूप में हुई। अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट तथा थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार तीन दिनों तक गांव में कैंप कर जांच की।मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्राम छपोरा निवासी अर्जुन ध्रुव और हिस्ट्रीशीटर अजीत कुमार लहरे उर्फ हरजीत को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी अर्जुन ध्रुव को अपनी बहन और मृतक के बीच प्रेम संबंध होने का शक था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी अजीत लहरे के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। दोनों आरोपियों ने शराब पीने के बहाने मृतक को घटना स्थल तक ले जाकर लोहे के स्टीक और लकड़ी के बत्ते से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव पर पैरा डालकर आग भी लगाई गई।

 

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 627/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्य आरोपी अजीत कुमार लहरे उर्फ हरजीत थाना विधानसभा का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Related Articles

Back to top button