बाल-बाल बचे निगमकर्मी, अतिक्रमण हटाने के दौरान गिरी दीवार, बड़ा हादसा टला

(दिलीप जगवानी) : बिलासपुर – नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता की कार्यवाही के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अवैध निर्माण तोड़ने के दौरान अचानक दीवार गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से कई लोग बाल-बाल बच गए।
यह हादसा शनिवार सुबह मगरपारा रोड पर किम्स अस्पताल के पास होटल व्हाइट रोज के सामने हुआ। यहां अतिक्रमण कर बनाई गई पक्की दीवार को नगर निगम का अमला जेसीबी मशीन से तोड़ रहा था। इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
दीवार गिरने के दौरान निगम कर्मचारी संतोष वर्मा, शिव जायसवाल और एक अन्य व्यक्ति मौके पर मौजूद थे, लेकिन समय रहते सतर्कता दिखाने के कारण वे इसकी चपेट में आने से बच गए। यदि कुछ सेकंड की भी चूक होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।निगम कर्मचारियों का कहना है कि फील्ड में काम के दौरान उन्हें कोई पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जाती। अतिक्रमणकारी अक्सर धमकी देते हैं और कई बार कर्मचारियों पर हमले भी हो चुके हैं।
कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर निगम कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




